
फतेहपुर: असोथर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के हवेली मोहल्ला में मंगलवार शाम एक वृद्ध महिला का शव राजमहल के मेन दरवाजे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। स्थानीय लोगों ने शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा तो पुलिस को सूचना दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के हवेली मोहल्ला का मामला है।
जानकारी के अनुसार स्व चंद्रभान सिंह की 75 वर्षीय पुत्री चंद्रावल देवी का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक वृद्ध महिला अपने पति की मौत के बाद से ससुराल से वापस आकर 40 साल पहले अपने माता-पिता और भाई के घर आयी थी और तभी से यही रहने लगी। महिला का भाई विनोद सिंह चौहान राजस्थान में नौकरी करता है।
दोपहर में महिला बाजार से पानी की बोतल और चिप्स का पैकेट लेकर आयी और राजमहल के बरामदे में बैठकर खा रही थी। उसके बाद महिला नजर नही आयी। ग्रामीणों ने शाम को वृद्ध महिला का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। वृद्ध महिल की दोनों पैरों में चप्पल पहने हुए थी और जमीन से दोनों पैर छू रहे थे। पानी की बोतल व चिप्स का पैकेट शव के पास ही पड़ा था। इससे ग्रामीणों ने आशंका जताई कि लगता है किसी ने हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार मौर्या ने बताया कि 75 वर्षीय महिला का शव राजमहल के मेन दरवाजे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Published : 22 May 2024, 12:49 PM IST
Topics : Dead body Fatehpur hanging woman उत्तर प्रदेश पुलिस फतेहपुर फंदे वृद्ध महिला शव