
नई दिल्ली: बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना चार दिवसीय यात्रा पर गुरुवार को यहां पहुंची। हसीना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर यहां पहुंची हैं और उनकी यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाएंगे। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर 27 सितंबर को भी मुलाकात हुई थी।
ढाका से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बंगलादेशी प्रधानमंत्री पांच अक्टूबर को मोदी से बातचीत के दौरान तीस्ता जल बंटवारा समझौते और अन्य साझा नदियों के जल बंटवारे का मुद्दे पर बातचीत करेंगी। इस दौरान आठ नदियों मनु, मुहुरी, खोवाई, फेनी, गुमटी, धरला, दूधकुमार और तीस्ता के जल बंटवारे को लेकर एक रूप रेखा पर भी हस्ताक्षर किया जायेगा। भारत और बंगलादेश के बीच 54 नदियां बहती हैं। हसीना बंगलादेश में रोहिंग्या संकट और भारत में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर को लेकर भी माेदी से बातचीत कर सकती हैं। (वार्ता)
Published : 3 October 2019, 2:31 PM IST
Topics : Bangladesh India Prime Minister Shekh Hasina UN General Assembly दिल्ली बंगलादेश यात्रा शेख हसीना