
नई दिल्ली: आज देश में 76वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू किया गया था, इसलिए ये दिन भारत के लिए काफी खास है। इस मौके पर देश की दिग्गज हस्तियां देशवासियों को बधाईयां दे रही है। चलिए जानते हैं गणतंत्र दिवस पर किसने क्या कहा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर देशवासियों को बधाई देते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ''गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।''
अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, ''समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। गणतंत्र दिवस भारत के संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था, सामाजिक समानता के प्रति दृढ़ता और लोकतंत्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी स्वतंत्रता सेनानियों और मजबूत गणतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आइए, इस गणतंत्र दिवस पर मोदी जी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लें।''
''संविधान भारतीय गणतंत्र का गौरव है''
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बधाईयां देते हुए लिखा, ''सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के न्याय, स्वाधीनता, समानता और भाईचारे के मूल्यों पर आधारित हमारा संविधान भारतीय गणतंत्र का गौरव है, धर्म, जात, क्षेत्र, भाषा से परे हर भारतीय का सुरक्षा कवच है - इसका सम्मान और रक्षा हम सभी का कर्तव्य है। जय हिंद, जय भारत, जय संविधान।''
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या लिखा?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, ''प्रदेश वासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! यह गौरवशाली पर्व हमारे महान संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के अमर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। आइए, हम सभी संविधान द्वारा प्रदत्त कर्तव्यों के पालन हेतु संकल्पित हों। जय हिंद!''
विदेश मंत्री ने बधाई
गणतंत्र दिवस के मौके पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, "गणतंत्र दिवस हमेशा देश के लिए बहुत गर्व का क्षण होता है। मुझे लगता है कि हमने बहुत सारी उपलब्धियां हासिल की हैं और हम और भी बहुत कुछ हासिल करने की उम्मीद करते हैं। हमारे विशेष अतिथि के रूप में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो हैं। 1950 में, पहले गणतंत्र दिवस पर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति अतिथि थे, इसलिए यह बहुत उपयुक्त है कि 75वीं वर्षगांठ पर, फिर से, हमारे पास इंडोनेशिया है। यह भौगोलिक और सांस्कृतिक, राजनीतिक और ऐतिहासिक रूप से हमारे लिए बहुत करीबी देश है। मुझे यकीन है कि आज पूरे देश के लिए खुशी का दिन होगा"
Published : 26 January 2025, 10:00 AM IST
Topics : AmitShah DynamiteNews pmmodionrepublicday rahulgandhionrepublicday RepublicDay RepublicDay2025 republicdayindia sjayshankar YogiAdityaNath