Site icon Hindi Dynamite News

Assembly Election Results: मध्य प्रदेश में भाजपा के 30 साल पुराने गढ़ में रमेश मेंदोला ने बनाया ये नया सियासी रिकार्ड

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में इंदौर-2 क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान विधायक रमेश मेंदोला ने 1,07,047 मतों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Assembly Election Results: मध्य प्रदेश में भाजपा के 30 साल पुराने गढ़ में रमेश मेंदोला ने बनाया ये नया सियासी रिकार्ड

इंदौर: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में इंदौर-2 क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान विधायक रमेश मेंदोला ने 1,07,047 मतों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की और इस सीट पर भाजपा का 30 साल पुराना कब्जा बरकरार रखा। यह राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर किसी उम्मीदवार की जीत का सबसे बड़ा अंतर है।

कुल 3.49 लाख मतदाताओं वाले इंदौर-2 क्षेत्र में ‘‘दादा’’ के नाम से मशहूर मेंदोला ने 1,69,071 मत हासिल किए, जबकि उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार चिंटू चौकसे को 62,024 मत मिले। चौकसे, इंदौर नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता हैं।

भाजपा इंदौर-2 क्षेत्र में 1993 से अब तक लगातार छह बार चुनाव जीत चुकी है। कभी कपड़ा मिलों के मजदूरों से आबाद रहने वाले इस क्षेत्र में 1952 से 1990 के बीच कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के उम्मीदवार जीतते रहे। भाजपा के मौजूदा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने 1993 में इस क्षेत्र में जीत दर्ज की। तब से भाजपा लगातार यह सीट जीतती आ रही है।

विजयवर्गीय इस बार इंदौर-1 से विधायक चुने गए हैं।

राजनीतिक विश्लेषक कीर्ति राणा ने कहा, ‘‘गुजरे 30 सालों में कांग्रेस इंदौर-2 क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ मजबूत संगठन खड़ा नहीं कर सकी है। भाजपा इस श्रमिक बहुल क्षेत्र में साल भर धार्मिक कार्यक्रमों और भंडारों का आयोजन करती है जिसका उसे चुनावों में फायदा मिलता है।’’

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा कि भाजपा का गढ़ भेदने के लिए उनकी पार्टी हर बार इंदौर-2 क्षेत्र में पूरी ताकत से चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा, ‘‘हम चुनावी जनादेश को पूरी विनम्रता से स्वीकार करते हैं। हम इंदौर-2 क्षेत्र में अपनी हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।’’

सूबे के विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा अंतर से जीत दर्ज करने के मामले में भोपाल के गोविंदपुरा से भाजपा की निवर्तमान विधायक कृष्णा गौर दूसरे क्रम पर रहीं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र साहू झूमरवाला को 1,06,668 मतों से पराजित कर इस सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा।

राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी सीट का चुनाव 1,04,974 मतों के अंतर से जीता। उन्होंने इस सीट से छठी बार जीत हासिल की।

चौहान को 1,64,951 मत मिले, जबकि अभिनेता से नेता बने कांग्रेस उमीदवार विक्रम मस्ताल शर्मा के खाते में 59,977 वोट आए।

Exit mobile version