राहुल गांधी को मिला माकपा का समर्थन, यात्रा को लेकर कही ये बात

डीएन ब्यूरो

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि देश ‘न्याय और अन्याय’ के बीच विभाजित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में वाम दल का शामिल होना इस लड़ाई का हिस्सा है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

माकपा पश्चिम बंगाल  सचिव मोहम्मद सलीम
माकपा पश्चिम बंगाल सचिव मोहम्मद सलीम


कोलकाता: मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि देश ‘न्याय और अन्याय’ के बीच विभाजित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में वाम दल का शामिल होना इस लड़ाई का हिस्सा है।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार सलीम ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘ट्रेन’ से उतरना चाहती है। उन्होंने कहा कि माकपा ऐसे किसी भी कदम का स्वागत करेगी।

मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में ‘न्याय यात्रा’ में शामिल होते हुए माकपा नेता ने दावा किया कि देश इस समय न्याय और अन्याय के बीच बंटा हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अन्याय के खिलाफ लड़ाई में एकसाथ आना चाहिए।’’

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की यात्रा पहुंची मुर्शिदाबाद

कांग्रेस नीत रैली में माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती और पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए।

सलीम ने दावा किया कि यात्रा को असम और पश्चिम बंगाल से गुजरने के समय बाधाओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसी बाधाओं की निंदा करते हैं क्योंकि यह हमारी राजनीतिक संस्कृति नहीं है।’’

कांग्रेस, वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संयुक्त रूप से मुकाबला करने के लिए गठित ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया गठबंधन) का हिस्सा हैं।

सलीम ने कहा कि बहुत सारे लोग प्रारंभिक स्टेशन से ट्रेन में चढ़े हैं, लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि कौन भाजपा के खिलाफ लड़ाई का हिस्सा बना रहेगा और कौन रास्ते में उतर जाएगा।

यह भी पढ़ें: भाजपा चुनाव जीतने के लिए सबको जेल में डाल रही है

माकपा नेता ने कहा, ‘‘ममता बनर्जी अब ट्रेन से उतरना चाहती हैं और हम उनका स्वागत करते हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए माकपा के नाम का इस्तेमाल कर रही हैं।

सलीम ने कहा, ‘‘कांग्रेस एक बहुत बड़ी अखिल भारतीय पार्टी है, क्या माकपा के पास इतनी ताकत है? लेकिन फिर भी वह कह रही हैं कि माकपा उसे नियंत्रित कर रही है।’’

ममता बनर्जी ने हाल ही में दावा किया था कि माकपा विपक्षी गठबंधन के एजेंडे को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने साथ ही घोषणा की थी कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में भाजपा के खिलाफ अकेले लड़ेगी।

सलीम ने दावा किया कि असली लड़ाई रोजगार और किसानों की समस्याओं के लिए है, लेकिन कुछ दल धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लड़ाई का एजेंडा तय हो चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जो धर्मनिरपेक्षता और संघीय ढांचे में विश्वास करते हैं, संसदीय लोकतंत्र को बचाने के लिए एक तरफ हैं। दूसरी तरफ, भाजपा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ताकत बढ़ाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और भ्रष्टाचार के मामलों का उपयोग कर रही है।’’










संबंधित समाचार