रायबरेली: प्रियंका गांधी की शानदार जीत पर रायबरेली में कांग्रेसियों में जश्न का माहौल

वायनाड संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में प्रियंका गांधी को मिली बड़ी जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 November 2024, 6:45 PM IST

रायबरेली: वायनाड लोकसभा सीट पर हुए चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। वायनाड के चुनाव नतीजों में प्रियंका गांधी को बड़ी जीत मिली है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार प्रियंका गांधी वाद्रा ने 410931 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को मात दी। प्रियंका गांधी की इस शानदार जीत पर रायबरेली कांग्रेस कमेटी केजिला कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी की अगवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े के बीच प्रियंका गांधी जिंदाबाद के जयकारे लगाए। इस दौरान उन्होंने आतिशबाजी कर आपस में लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। 

इस मौके पर पंकज तिवारी ने कहा कि रायबरेली जनपद की जो रहनुमाई करती हैं हमारी नेता प्रियंका गांधी सांसद बनी है। उस पर हम सभी आपस में मिठाई बांट रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह गरीबों व मजदूरों की आवाज को अब संसद में उठाएंगी। इसलिए आज हम हर्षोल्लास के साथ जश्न मना रहे हैं।

प्रियंका गांधी के कभी रायबरेली से चुनाव लड़ने की चर्चा होने पर तिवारी ने कहा कि यह गांधी परिवार का डिसीजन था। प्रियंका गांधी जी सांसद बनी है साथ ही राहुल गांधी जी हमारे सांसद हैं। सोनिया जी ने भी रायबरेली की बहुत सेवा की थी।

बता दें कि यह प्रियंका गांधी के सियासी करियर का पहला चुनाव था जहां उनका मुकाबला भाकपा के वरिष्ठ नेता सत्यन मोकेरी और भाजपा की नव्या हरिदास से था।

Published : 
  • 23 November 2024, 6:45 PM IST