हिंदी
पटना: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे पटना पहुंचेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति बिहार के कृषि रोड मैप के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगी और राज्य के दो केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स-पटना) में दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह राज्य की उनकी पहली यात्रा होगी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक राष्ट्रपति बुधवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे पटना हवाई अड्डे पर उतरेंगी और कृषि रोड मैप का उद्घाटन करने के लिए सीधे गांधी मैदान के पास बापू सभागार जाएंगी।
राष्ट्रपति के बिहार दौरे से पहले सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति बुधवार को पटना में बिहार के चौथे कृषि रोड मैप (2023-2028) कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी।
राष्ट्रपति 19 अक्टूबर को मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। उसी दिन वह राजभवन में बिहार के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। शाम को राष्ट्रपति पटना में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति 20 अक्टूबर को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
बुधवार को कृषि रोड मैप कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति का गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना साहिब में तख्त श्री हरिमंदिर साहिब जाने का कार्यक्रम है।
बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और अन्य कैबिनेट सहयोगी भी बिहार के कृषि रोड मैप के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
कृषि उत्पादन और किसानों की आय में सुधार के लिए मुख्यमंत्री की पहल पर 2007 में राज्य का पहला कृषि रोड मैप शुरू किया गया था।
Published : 18 October 2023, 10:39 AM IST
Topics : तीन दिवसीय पटना बिहार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
No related posts found.