हिंदी
नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कथित शराब घोटाले में घिरे केजरीवाल अब नए मामले में फंस गए हैं। बता दें, ऑपरेशन लोटस का आरोप लगाना आम आदमी पार्टी (AAP) को भारी पड़ गया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में AAP मुखिया को नोटिस थमाया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने सीएम ऑफिस में नोटिस दिया है। नोटिस में केजरीवाल से पूछा गया है, आरोप के सबूत क्या हैं? विधायकों के नाम बताएं, जिन्हें ऑफर मिला? वहीं, तीन दिन के भीतर इसका जवाब देने के लिए कहा गया है।
केजरीवाल ने लगाया था ये आरोप
सीएम केजरीवाल और मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया था कि सात AAP विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए भाजपा ने 25-25 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था। इन्हीं आरोपों के खिलाफ भाजपा ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि आतिशी को भी नोटिस दिया जाएगा।
जानिये पूरा मामला
27 जनवरी को भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम केजरीवाल ने X पर लिखा था, "पिछले दिनों इन्होंने हमारे दिल्ली के 7 MLAs को संपर्क कर कहा है- कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लेंगे। उसके बाद MLAs को तोड़ेंगे। 21 MLAs से बात हो गयी है। औरों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपये देंगे और बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे।”
केजरीवाल ने आगे कहा कि किसी शराब घोटाले की जांच के लिए मुझे गिरफ़्तार नहीं किया जा रहा बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं। पिछले नौ सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए। लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली। भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हमारे सभी MLA भी मज़बूती से साथ हैं।
पिछले दिनों इन्होंने हमारे दिल्ली के 7 MLAs को संपर्क कर कहा है - “कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लेंगे। उसके बाद MLAs को तोड़ेंगे। 21 MLAs से बात हो गयी है। औरों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपये देंगे…
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 27, 2024
उन्होंने कहा कि इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे। ये लोग जानते हैं कि दिल्ली की जनता के लिए हमारी सरकार ने कितने काम किए हैं। इनकी पैदा की गयी तमाम अड़चनों के बावजूद हमने इतने काम किए हैं। दिल्ली की जनता “आप” से बेइंतहा प्यार करती है। इसलिए चुनावों में “आप” को हराना इनके बस की बात नहीं। तो एक फ़र्ज़ी शराब घोटाले के बहाने गिरफ़्तार करके सरकार गिराना चाहते हैं।
Published : 3 February 2024, 5:34 PM IST
Topics : Aam Aadmi Party arvind kejriwal bjp Delhi News Operation Lotus अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी क्राइम बेंच भाजपा मुख्यमंत्री आवास