पंजाब के पटियाला में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

पंजाब में राजपुरा के नरडू गांव स्थित एक गुरुद्वारे में सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान करने के आरोप में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 14 July 2023, 7:43 PM IST

राजपुरा: पंजाब में राजपुरा के नरडू गांव स्थित एक गुरुद्वारे में सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान करने के आरोप में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जोरावर सिंह उर्फ बिल्लू गुरुद्वारे में प्रवेश करने के बाद गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी पर कथित रूप से बैठ गया। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है। दिन-दिहाड़े हुई इस घटना के तुरंत बाद गुरुद्वारे में मौजूद संगत के बीच हंगामा मच गया।

ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसे श्रद्धालुओं ने पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह ने कहा, ‘‘आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हम मामले की जांच कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए (किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण कार्य करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

Published : 
  • 14 July 2023, 7:43 PM IST

No related posts found.