
गोरखपुर: सुल्तानपुर से सपा सांसद रामभुआल निषाद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए ज्ञानेन्द्र कुमार ने नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने एसओ बड़हलगंज को आदेश दिया कि सपा सांसद को गिरफ्तार कर कोर्ट में हाजिर किया जाये।
कोर्ट में नहीं हो रहे थे हाजिर
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक सपा सांसद के खिलाफ कोर्ट की कार्रवाई के दौरान आदेश के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। यह मामला साल 2015 का है, जब मृतक के शव को पुलिस की देख-रेख में दाह संस्कार के लिए लाया जा रहा था। इस दौरान रामभुआल निषाद के नेतृत्व में सैकड़ों लोग नेशनल हाईवे पर आ गये थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने का मामला
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के शव को पटना चौराहे पर रख राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया था। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो प्रदर्शकारियों ने उनके साथ धक्का मुक्की की और अभद्रता की। इस दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला था, जिसके बाद पुलिस ने बड़ी मुश्किल से प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर मार्ग खुलवाया।
मेनका गांधी को हराकर बने सांसद
इस मामले में भाजपा विधायक राजेश त्रिपाठी समेत कुल 11 लोग आरोपी हैं। इनमें से 10 आरोपियों की जमानत हो चुकी है। वहीं राम भुआल निषाद कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे, जिसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। बता दें कि सपा सांसद रामभुआल गोरखपुर के रहने वाले हैं। रामभुआल सुल्तानपुर सीट से सांसद हैं। 2024 के चुनाव में उन्होंने बीजेपी की उम्मीदवार और सांसद रहीं मेनका गांधी को हराया था।
Published : 5 October 2024, 2:54 PM IST
Topics : Dynamite News Gorakhpur Ranbhaul Nishad SP UP News एसओ बड़हलगंज पटना चौराहा रामभुआल निषाद विधायक राजेश त्रिपाठी सपा