हिंदी
नयी दिल्ली: हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी का नाम देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न तथा वंदना कटारिया ,मोनिका और हरमनप्रीत सिंह का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए केंद्रीय खेल मंत्रालय को भेजा है।
हॉकी इंडिया ने मंगलवार को यह घोषणा की। हॉकी इंडिया ने लाइफटाइम अचीवमेंट के ध्यानचंद अवार्ड के लिए पूर्व भारतीय खिलाड़ी डॉ आरपी सिंह और तुषार खांडेकर तथा द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए कोच बीजे करियप्पा और रोमेश पठानिया का नाम खेल मंत्रालय को भेजा है।
@CMO_Odisha @JaspreetSSahni @DiggySinghDeo @sports_odisha
(3/3)
— Hockey India (@TheHockeyIndia) June 2, 2020
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने इस साल के राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड के लिए ई-मेल के जरिए नामांकन आमंत्रित किये थे। राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड के नामांकन की शुरुआत अप्रैल में होनी थी लेकिन कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए इसे मई तक बढ़ा दिया गया था। नामांकन भेजने की अंतिम तारीख तीन जून है। इस वर्ष खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड के लिए जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा।
इस अवधि के दौरान रानी ने अपनी अगुवाई में भारतीय महिला टीम को उल्लेखनीय सफलताएं दिलायीं जिसमें 2017 महिला एशिया कप में खिताबी जीत,2018 एशियाई खेलों में रजत पदक और 2019 में टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करना शामिल है।
भारत ने अमेरिका को ओडिशा के भुवनेश्वर में हराकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया था। भारत की जीत में कप्तान रानी ने निर्णायक गोल दागा था।ओलम्पिक इस साल 24 जुलाई से होने थे लेकिन कोरोना वायरस के कारण ओलम्पिक को अगले साल जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
भारतीय महिला टीम ने इस अवधि के दौरान एफआईएच विश्व रैंकिंग में अपना सर्वश्रेष्ठ नौंवां स्थान हासिल किया। रानी को वर्ष 2019 के लिए वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ़ द ईयर चुना गया और यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय हैं। रानी को 2016 में अर्जुन पुरस्कार और 2020 में पद्मश्री सम्मान मिल चुका है। (वार्ता)
Published : 2 June 2020, 4:05 PM IST
Topics : Hockey sports अर्जुन पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न रानी हॉकी