Road Accidents in UP: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौके पर मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो लोग घायल हो गये। यह हादसा एक तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से हुआ। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 2 January 2021, 12:03 PM IST

मेरठ: एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार के एक पेड़ से टकराने के कारण यहां एक भीषण सड़क हादसा हुए। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो लोग घायल हो गये हैं। घायलों को इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार सुबह हुआ यह हादसा इतना भीषण था कि कार पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। 

यह भीषण सड़क दुर्घटना शनिवार सुबह मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के मवाना रोड पर हुई। बताया जाता है कि घने कोहरे के कारण और तेज रफ्तार के चलते कार एक पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने के बाद कार बुरी तरह चकनाचूर हो गयी और कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। दो कार सवार युवक इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गये। 

हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। दो युवकों को घायल अवस्था में उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मृतक तीनों युवकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। साथ ही क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लिया है। कार सवारों सभी युवकों के घर वालों को सूचित कर दिया गया है।

मृतकों की पहचना सिकंदर पुत्र वसीम, आदिल पुत्र अशफाक व सलमान पुत्र मुन्ना के रूप में की गयी है। सिकंदर व आदिल खतौली (मुजफ्फरनगर) के रहने वाले हैं, जबकि सलमान इंचौली का निवासी है। घायल युवकों में शाह आलम पुत्र जावेद व हुसैन पुत्र फारूख शामिल हैं। घायलों का इलाज सूर्या अस्पताल में जारी हैं।

Published :  2 January 2021, 12:03 PM IST