झारखंड के चाईबासा में माओवादियों ने रेल पटरियां उड़ाईं

डीएन ब्यूरो

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों ने रेल पटरियों के एक हिस्से को विस्फोट से उड़ा दिया, जिससे हावड़ा-मुंबई मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हो गईं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

माओवादियों ने रेल पटरियां उड़ाईं
माओवादियों ने रेल पटरियां उड़ाईं


चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों ने रेल पटरियों के एक हिस्से को विस्फोट से उड़ा दिया, जिससे हावड़ा-मुंबई मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हो गईं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि घटना रांची से करीब 150 किलोमीटर दूर महादेवसाल और पोसोइता रेलवे स्टेशनों के बीच बृहस्पतिवार देर रात हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रेलवे पटरियों पर मरम्मत का काम सुबह से शुरू कर दिया गया है।”

अधिकारी ने बताया कि माओवादियों ने इलाके में बैनर और पोस्टर भी लगाए हैं।

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सहायक वाणिज्यिक प्रबंधक विनीत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ट्रेन का परिचालन शुक्रवार सुबह आठ बजकर 15 मिनट पर फिर से शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया, “महादेवसाल और पोसोइता सेक्शन के बीच तीसरे ट्रैक के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मंडल मुख्यालय को बृहस्पतिवार रात को 11 बजकर 47 मिनट पर मिली।”

कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किए गए विस्फोट में लगभग दो से तीन मीटर तक पटरियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद चक्रधरपुर मंडल में ट्रेन सेवाओं को रोक दिया गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कुमार के अनुसार, रेलवे अधिकारी जल्द ही घटना के कारण रोकी गई और रद्द की गई ट्रेनों की संख्या के बारे में एक विज्ञप्ति जारी करेंगे।

प्रतिबंधित संगठन 16 दिसंबर से 'विरोध सप्ताह' मना रहा है तथा उसने शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया है।










संबंधित समाचार