
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की चाकू घोंपकर हत्या किये जाने के मामले में एक दिन बाद घटना का मुख्य आरोपी दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। अधिकारियों ने आज रविवार को यह जानकारी दी।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में रात्रि गश्त के दौरान कांस्टेबल किरण पाल की तीन लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। दो आरोपियों दीपक मैक्स और कृष गुप्ता को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। विशेष प्रकोष्ठ के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरा आरोपी राघव संगम विहार में छिपा हुआ था।
आरोपी की पहचान कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस के अनुरोध को अनसुना करते हुए पुलिस कर्मियों पर गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी राघव घायल हो गया। अधिकारी ने कहा कि उसे तुरंत ओखला के ईएसआईसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में कोई पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ है और उन्होंने एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं।
रात्रि गश्त पर थे किरण पाल
बता दें कि कांस्टेबल किरण पाल गोविंदपुरी पुलिस थाने में कार्यरत थे और रात्रि गश्त पर थे। उन्होंने शनिवार तड़के स्कूटी सवार तीन लोगों को रोका। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कांस्टेबल पर पत्थर फेंके, लेकिन कांस्टेबल ने अपनी मोटरसाइकिल उनके वाहन के आगे अड़ा दी और उन्हें भागने नहीं दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल ने आरोपियों की स्कूटी की चाबी भी छीन ली और वह तीनों से पूछताछ करने लगे, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
Published : 24 November 2024, 10:57 AM IST
Topics : Constable Murder Case Delhi Police Dynamite News Kiran Pal Manoj Tibrewal Manoj Tibrewal Akaash Police Encounter Sangam Vihar trending news