महाराष्ट्र: ठाणे में एक चॉल में बालकनी गिरने से एक व्यक्ति घायल, 42 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार को एक चॉल में बालकनी गिरने से 33 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 27 June 2023, 7:36 PM IST

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार को एक चॉल में बालकनी गिरने से 33 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह घटना समता नगर इलाके की एक चॉल में अपराह्न करीब तीन बजे हुई।

उन्होंने बताया कि पीड़ित दो मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर बालकनी में खड़ा था, तभी वह अचानक ढह गई।

अधिकारी ने बताया कि वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि बालकनी का बचा हुआ हिस्सा नगर निकाय के अधिकारियों ने तोड़ दिया, ताकि आगे कोई घटना न हो।

अग्निशमन विभाग के स्थानीय कर्मियों और आपदा प्रबंधन टीम को बचाव अभियान में लगाया गया।

तडवी ने बताया कि घटना के मद्देनजर ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने 25 साल पुरानी इमारतों में रहने वाले 42 परिवारों को वहां से निकालने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि निवासियों को वहां से निकाल कर पास के स्कूलों और सामुदायिक भवनों में रखा जाएगा।

 

Published : 
  • 27 June 2023, 7:36 PM IST

No related posts found.