हिंदी
महराजगंज: अपनी महिला मालकिन की प्रताड़ना से परेशान एक नाबालिग होटल से भाग गया। महिला की चंगुल से भागे इस नाबालिग ने कोतवाली पुलिस और चाइल्ड लाइन को जो आपबीती बतायी, उसे सुनकर हर कोई हैरान है। बच्चे ने महिला पर प्रताड़ित और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक एजुकेट गर्ल्स संस्था में कार्यरत महिला गोरखपुर की रहने वाली है। आरोपी महिला संस्था की मीटिंग में महराजगंज में आई थी। महिला अपने साथ लगभग 5-6 वर्ष के एक लड़के को भी साथ लाई थी। बताया जाता है कि यह लड़का लंबे समय से महिला के साथ है। लड़का बहराइच का रहने वाला है, जिसका नाम सूरज पाण्डेय है।
महिला की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान लड़का यहां होटल से भाग गया और सदर ब्लॉक में जा पहुँचा। कोतवाली पुलिस और चाइल्ड लाइन को आपबीती सुनाते हुए लड़के ने महिला पर मारपीट का आरोप लगाया है।
नाबालिग लड़के ने पूछताछ में बताया कि महिला ने उसे अपने काम कराने और अपने बच्चे की देखरेख के लिये रखा। बच्चे ने महिला पर उससे मारपीट करने का आरोप लगाया है।
फिलहाल कोतवाली पुलिस लड़के को और उसकी कथित मालकिन को लेकर कोतवाली में पूछताछ करने में जुटी है।
Published : 16 September 2022, 3:17 PM IST
No related posts found.