हिंदी
प्रयागराज: दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ की शुरुआत पौष पूर्णिमा पर हो गई है। डेढ़ महीने तक चलने वाले इस आयोजन में लाखों लोग आस्था की डुबकी लगाएंगे। आज संगम तट पर हर-हर गंगे के जयकारों के बीच श्रद्धा का महासंगम हुआ। भोर से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु डुबकी लगा रहे हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, सुबह 9.30 बजे तक ही करीब 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र नदी में स्नान कर चुके हैं। उम्मीद है कि महाकुंभ के पहले दिन करीब 1 करोड़ लोग गंगा में डुबकी लगाएंगे। संगम किनारे हर किसी की जुंबा पर महादेव का नाम है।
संगम नोज सहित तीन दर्जन स्नान घाटों पर श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं। इस पूर्णिमा स्नान के साथ ही कुंभ मेले की औपचारिक शुरुआत हो गई है। कल्पवासी आज से कल्पवास शुरू करेंगे। बड़ी तादाद में श्रद्धालु संगम पहुंच रहे हैं, जहां सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। जल पुलिस और NDRF की टीम स्नान घाटों पर तैनात हैं, और श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए निर्धारित मार्ग बनाए गए हैं।
कब होगा पहला शाही स्नान?
बता दें कि पहला शाही स्नान 14 जनवरी को होने वाला है। वहीं महाकुंभ 26 फरवरी तक चलेगा। इसमें देश-दुनिया से करीब 35 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया गया है। कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) ने अनुमान लगाया है कि इस महाकुंभ से ₹2 लाख करोड़ से अधिक का व्यापार हो सकता है।
पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल से लिखा, पौष पूर्णिमा पर पवित्र स्नान के साथ ही आज से प्रयागराज की पुण्यभूमि पर महाकुंभ का शुभारंभ हो गया है। हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़े इस दिव्य अवसर पर मैं सभी श्रद्धालुओं का हृदय से वंदन और अभिनंदन करता हूं। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का यह विराट उत्सव आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे, यही कामना है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 13 January 2025, 11:43 AM IST
Topics : DynamiteNews Mahakumbh Mahakumbh2025 MahakumbhAllUpdates mahakumbhnews mahakumbhsnan PaushPurnima Sangam
No related posts found.