Bird Flu in UP: यूपी में बढ़ा बर्ड फ्लू का खतरा, लखनऊ जू भी बंद, कानपुर जू की सभी पक्षियों को मारने के निर्देश

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी लखनऊ स्थित चिड़ियाघर को भी बंद करने और कानपुर जू की सभी पक्षियों को मारने के आदेश दिये गये हैं। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

अब तक देश भर में सैकड़ों पक्षियों की मौत
अब तक देश भर में सैकड़ों पक्षियों की मौत


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी लखनऊ स्थित चिड़ियाघर के पक्षियों में भी बर्ड फ्लू के वायरस मिले हैं, जिसके बाद चिड़ियाघर का बर्ड सेक्शन को अगले आदेश के लिये बंद कर दिया गया है और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गयी है। इसके अलावा कानपुर चिड़ियाघर में सभी पक्षियों को मारने का आदेश प्रशासन द्वारा दिया गया है।

कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के कारण चार पक्षियों की मौत हो गयी थी, जिसके बाद जांच रिपोर्ट में इन पक्षियों में बर्ड फ्लू के वायरस मिले। इसके बाद कानपुर चिड़ियाघर को सील कर दिया गया। राज्य के अन्य चिड़ियाघरों की भी जांच की जा रही है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के चिड़ियाघर में मौजूद कुछ पक्षियों में भी बर्ड फ्लू के वायरस मिले हैं, और जू के पक्षियों वाले बाड़े को बंद कर दिया गया है। 

कानपुर के चिड़ियाघर में अब तक दस पक्षियों की मौत हो चुकी है। जांच के बाद इस जू में मौजूद सभी पक्षियों को मारने के आदेश दिये गये हैं और पर चिड़ियाघर के आसपास के इलाके को रेडजोन घोषित किया गया है।

कानपुर चिड़ियाघर कमिश्नर राजशेखर के आदेश पर चिड़ियाघर के आस-पास के इलाके को रेड जोन घोषित किया गया है। प्रशासन के साथ इलाके के निवासी भी अलर्ट हो गए हैं। लोगों को एहतियातन सावधानी बरतने को कहा जा रहा है। प्रशासन द्वारा भी जनता को जागरूक किया जा रहा है।

अब तक देश के जिन 7 राज्यों में बर्ड फ्लू अपनी दस्तक दे चुका है, उनमे राजधानी दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और केरल शामिल है। इन राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। देश की राजधानी दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत कई अन्य राज्यों में पक्षियों के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।










संबंधित समाचार