Site icon Hindi Dynamite News

BJP नेता का पिस्टल से सिर फोड़ने से मचा हड़कंप, जानें क्या है पूरा मामला

लखनऊ से भाजपा नेता से जुड़ा मामला सामने आया है। यहां पिस्टल की बट से हमलावरों ने सिर फोड़ दिया। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज की पूरी खबर..
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
BJP नेता का पिस्टल से सिर फोड़ने से मचा हड़कंप, जानें क्या है पूरा मामला

लखनऊ :  गोमतीनगर विस्तार सदर तहसील में हिस्ट्रीशीटर ने भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पर हमला कर दिया। पिस्टल की बट से भाजपा नेता का सिर फोड़ने के बाद बीच-बचाव करने आए बूथ अध्यक्ष को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। तहसील परिसर में हुई घटना से भगदड़ मच गई। इससे हमलावर फायदा उठाकर भाग निकले। भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। 

क्या है पूरा मामला

डाइनामाइट न्यूज के मुताबिक, चिनहट गणेशपुर निवासी विपिन कनौजिया किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष हैं। वह बूथ अध्यक्ष रोहित के साथ सदर तहसील गए थे। सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर पंकज वर्मा कई साथियों के साथ पहुंचा। आरोपियों ने विपिन को ललकारा और उन पर हमला कर दिया। पंकज के साथ सादिक अली, दीपक यादव, राजू जायसवाल, मनोज समेत कुछ अन्य लोग थे। बदमाशों ने तहसील परिसर में विपिन को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। 

विवाद से भगदड़

हिस्ट्रीशीटर ने पिस्टल की बट से भाजपा नेता का सिर फोड़ दिया। खून से लथपथ विपिन को बचाने के लिए बूथ अध्यक्ष रोहित ने शोर मचाया। आरोपियों ने रोहित की भी पिटाई कर दी। तहसील परिसर में हुए विवाद से भगदड़ मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने गोमतीनगर विस्तार पुलिस को सूचना दे दी। विपिन के मुताबिक बूथ अध्यक्ष रोहित के चाचा संतोष की देवा रोड पर जमीन है। पंकज वर्मा इस पर कब्जा करना चाहता है। वह पहले भी कई बार प्रयास कर चुका है। लेकिन, रोहित और विपिन के विरोध के चलते वह सफल नहीं हो सका। इसी का बदला लेने के लिए पंकज ने हमला किया है। 

भाजपा नेता के मुताबिक सीतापुर के हिस्ट्रीशीटर पंकज वर्मा ने विकासनगर में ठिकाना बना रखा है। वह जमीन की खरीद-फरोख्त का भी काम करता है। भाजपा नेता विपिन के मुताबिक पंकज ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रकम न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।

Exit mobile version