हिंदी
देवरिया: लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिये शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देवरिया पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने पाक अधिकृत कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2027 तक भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएगा, हमें भारत को विश्व शक्ति बनाना है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार रक्षा मंत्री ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर (POK) के लिये भारत को वहां आक्रमण करने की जरूरत नहीं है। पीओके के लोग खुद ही भारत में अपनी विलय चाहते है। जरूरत पड़ने पर भारत सीमा के इस पार भी और उस पार भी, कहीं भी आक्रमण कर सकता है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार रक्षा मंत्री ने कहा कि विश्व शक्ति बनने का मतलब यह नहीं किसी देश पर कब्जा करें, विश्व शक्ति का मतलब है हम सब का कल्याण करें, यह बदला हुआ भारत है लेकिन सपा-कांग्रेस को समझ में नहीं आता।
उन्होंने कहा कि तीसरी बार सरकार बनने पर 70 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक वर्ग के लोगों को 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा की सुविधा दी जाएगी। केजरीवाल जनता को भ्रमित कर उनके आंख में धूल झोंक रहें हैं। बड़े विश्वास के साथ उन्होंने कहा कि मोदी ही देश के पीएम होंगें।
एनडीए 400 पर होगा तो देश में संविधान खत्म हो जाएगा। इस सवाल का जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने चुनाव हारने के बाद इमरजेंसी देश में थोप दी थी। अब तक कांग्रेस ने 90 बार प्रदेश की सरकारों को भंग किया है।
भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं देश बनाने के लिए वोट मांग रही है। कांग्रेस देश से विलुप्त होती जा रही है। आने वाले 10 वर्ष बाद लोग कांग्रेस को भूल गए होंगे। हम जनता की आंखों में आंखें डालकर बात करने वाले लोग हैं। विपक्ष के लोग जनता की आंख में धूल झोंकने का काम कर रहें हैं।
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि साइकिल की चेन उतर गई है और उसमें जंग लग गया है। वह अब नहीं चढ़ेगा। अब सपा समाप्त हो चुकी है अब कभी नहीं आयेगी।
प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि भारत में राम राज्य आएगा। सरकार बनते ही हम एक समान नागरिकता कानून लाएंगे। आतंकवाद के मुद्दे पर राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस को बर्दाश्त होगा हमें नहीं। अभी कुछ दिन पहले ही अमेरिका के राजदूत ने कहा भविष्य देखना है तो भारत आए।
Published : 17 May 2024, 6:49 PM IST
Topics : Deoria Lok Sabha Election Rajnath Singh uttar pradesh उत्तर प्रदेश कांग्रेस देवरिया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वार