कर्नाटक उपचुनाव: तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी

कर्नाटक में 5 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही हैं। इनमें 3 लोकसभा और 2 विधानसभा सीटें हैं। ये चुनाव लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-जेडी(एस) के गठबंधन और बीजेपी के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। डाइनामाइट न्यूज की स्पेशल रिपोर्ट में जानिये, पल-पल का अपडेट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 3 November 2018, 11:22 AM IST

बेंगलुरू: कर्नाटक में लोकसभा की तीन और विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह मतदान शुरू हुआ। इसे प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार के लिए लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। शिवमोगा, मांड्या और रामनगर लोकसभा सीटों और बेल्लारी तथा जमखंडी विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा।

यह भी पढ़ें: भाजपा ने मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम के उम्मीदवारों की सूची की जारी 

 

वोटिंग के लिए करीब 6,450 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन सीटों के लिए कुल 54,54,275 मतदाता पंजीकृत हैं। पांच सीटों के लिए कुल 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन और भाजपा के बीच है। वोटों की गिनती मंगलवार को होगी।

यह भी पढ़ें: राजस्थान चुनाव में होगा घमासान, तीन माह में बने 9 नये राजनीतिक दल

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 1,502 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि उपचुनावों के लिए 35,000 से ज्यादा मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है। इस चुनाव में 8,922 वीवीपीएटी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पांचों सीटों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।  (भाषा)
 

Published : 
  • 3 November 2018, 11:22 AM IST

No related posts found.