
नई दिल्ली: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रहीं। शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एक बार फिर सीएसके को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी की बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे हैं। खासकर, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर और सीएसके के पूर्व खिलाड़ी मैथ्यू हेडेन ने धोनी के प्रदर्शन पर खुलकर आलोचना की है।
धोनी का धीमा स्ट्राइक रेट बना चिंता का कारण
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में धोनी ने 26 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। मैच के बाद मैथ्यू हेडेन ने कहा, “धोनी और विजय शंकर दोनों तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे। धोनी को अब मान लेना चाहिए कि उनका समय खत्म हो गया है। उन्हें हमारे साथ कमेंट्री बॉक्स में आ जाना चाहिए, इससे पहले कि चेन्नई के लिए बहुत देर हो जाए।”
आईपीएल 2025 में धोनी का प्रदर्शन
अब तक खेले गए चार मैचों में धोनी ने 76 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 138.18 रहा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 30*(16) रहा, लेकिन इन पारियों में भी वो तब रन बना पाए जब मैच लगभग सीएसके के हाथ से निकल चुका था।
RCB के खिलाफ: 30*(16) तब आए जब टीम को 28 गेंदों में 98 रन चाहिए थे।
RR के खिलाफ: 25 गेंदों में 54 रन चाहिए थे, धोनी ने 16(11) बनाए।
DC के खिलाफ: जब धोनी बल्लेबाजी करने आए, तब 56 गेंदों में 110 रन की जरूरत थी। नतीजा, 30*(26) और कोई बड़ा प्रयास नहीं।
मैच जीतने में योगदान नहीं दे पा रहे धोनी
आलोचना का मुख्य बिंदु यही है कि धोनी के रन ऐसे समय में आ रहे हैं, जब मैच पहले ही लगभग हाथ से निकल चुका होता है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली एकमात्र जीत में भी धोनी दो गेंद खेलकर खाता नहीं खोल पाए थे।
Published : 6 April 2025, 7:05 PM IST
Topics : CSK csk vs dc highlight Dynamite News IPL 2025 Matthew Hayden Matthew Hayden on ms dhoni MS Dhoni ms dhoni ipl career ms dhoni news ms dhoni video