DN Exclusive: मां विंध्यवासिनी के दरबार में अपनी माता संग डिंपल यादव ने लगायी हाजिरी, टेका मत्था, एक झलक पाने को कार्यकर्ता दिखे बेकरार

डीएन संवाददाता

भगवान श्रीकृष्ण की भक्त कन्नौज की पूर्व सांसद डिंपल यादव शुक्रवार को विंध्याचल धाम में मां शक्ति की पूरे विधि-विधान के साथ आराधना करते दिखीं। इस दौरान उनकी माताजी भी मौजूद रहीं। डाइनामाइट न्यूज़ पर पूरी खबर:



मिर्जापुर: एक तरफ शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आगरा में चुनाव प्रचार करते दिखे तो वहीं कन्नौज की पूर्व सांसद और उनकी धर्मपत्नी डिंपल यादव मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के धाम पहुंची और गुप्त नवरात्र के तीसरे दिन शक्ति की देवी का विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान डिंपल यादव की माताजी भी उनके साथ मौजूद रहीं। 

मां विंध्यवासिनी के दरबार में अपनी माताजी संग डिंपल यादव

हाथों में नारियल, चुनरी, माला-फूल लेकर पहुंची मंदिर 
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक डिंपल यादव अपनी माताजी के साथ साढ़े चार बजे पुरानी वीआईपी मार्ग पर पहुंची फिर एक होटल में कुछ देर रुकने के बाद हाथों में नारियल,चुनरी, माला-फूल लेकर मंदिर पहुंचीं। फिर वे गणेश द्वार होते हुए मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में पहुंचीं। जहां पूरे विधिविधान के साथ मंत्रोच्चारण करते हुए दर्शन-पूजन किया। डिंपल यादव ने गर्भगृह से निकल मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवी देवताओं को नमन करते हुए हवन कुंड की परिक्रमा की। 

दर्शन-पूजन के बाद आत्मविश्वास से भरीं दिखीं डिंपल यादव

आत्मविश्वास से भरीं दिखीं डिंपल यादव, कहा- बड़ी जीत होगी सपा गठबंधन की 
शक्ति की देवी मां विंध्यवासिनी के दर्शन व पूजन के बाद डिंपल यादव आत्मविश्वास से भरी दिखीं। स्थानीय पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी गठबंधन 50 सीटों पर चुनाव जीत रहा है।

दर्शन के बाद हाथ में कलावा बंधवाती डिंपल यादव

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चरण आगे बढ़ रहा है वैसे वैसे सीटों का बंटवारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चरण आगे बढ़ता जायेगा वैसे-वैसे समाजवादी पार्टी का परफॉर्मेंस और भी अच्छा होता जाएगा।  

 

मां शक्ति की पूजा के बाद चुनरी ओढ़े और हाथ में प्रसाद लिये डिंपल यादव

सपा कार्यकर्ताओं में डिंपल की एक झलक पाने की मची रही होड़
डिंपल यादव का पूरा कार्यक्रम बहद गोपनीय था लेकिन जैसे ही सपा कार्यकर्ताओं को उनके मंदिर आगमन की जानकारी मिली, वे सभी मंदिर पहुंचने लगे। कार्यकर्ताओं में डिंपल यादव से मिलने की होड़ मची रही। डिंपल ने किसी को निराश नहीं किया और सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। दर्शन पूजन वरिष्ठ तीर्थ विजय बाबू मिश्रा ने कराया। इस दौरान विंध्यधाम में सुरक्षा के कड़े बदोबस्त दिखे।










संबंधित समाचार