पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी मना रही है ‘धन्यवाद दिवस’, जानिये इसके सियासी मायने

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) सत्तारूढ़ पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) सरकार का 16 महीने का कार्यकाल खत्म होने पर बृहस्पतिवार को ‘‘धन्यवाद और मुक्ति दिवस’’ (थैंक्सगिविंग एंड सैल्वेशन डे) मना रही है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 10 August 2023, 5:22 PM IST

इस्लामाबाद:  जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) सत्तारूढ़ पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) सरकार का 16 महीने का कार्यकाल खत्म होने पर बृहस्पतिवार को ‘‘धन्यवाद और मुक्ति दिवस’’ (थैंक्सगिविंग एंड सैल्वेशन डे) मना रही है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सलाह पर बुधवार को राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने संसद के निचले सदन ‘नेशनल असेंबली’ को उसके पांच साल के संवैधानिक कार्यकाल की समाप्ति से तीन दिन पहले भंग कर दिया।

शहबाज शरीफ कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति होने तक प्रधानमंत्री पद पर सेवाएं देते रहेंगे।

‘जियो न्यूज’ की खबर के मुताबिक, नेशनल असेंबली के भंग होने के बाद इमरान खान की पार्टी ‘पीटीआई’ ने बुधवार को घोषणा की कि वह 10 अगस्त (बृहस्पतिवार) को ‘‘धन्यवाद और मुक्ति दिवस’’ मनाएगी।

‘पीटीआई’ की कोर समिति ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उसने पीडीएम सरकार के 16 महीने के कार्यकाल के समाप्त होने पर जश्न मनाने का फैसला किया है।

नेशनल असेंबली निर्धारित समय से पूर्व भंग किए जाने के कारण पाकिस्तान निर्वाचन आयोग 90 दिन के भीतर चुनाव कराएगा।

पीडीएम गठबंधन ने पिछले साल अप्रैल में खान की सरकार को हटाकर सत्ता हासिल की थी।

इमरान खान (70) को 2018 से 2022 तक प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अवैध रूप से सरकारी उपहार बेचने के लिए तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में शनिवार को इस्लामाबाद की निचली अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई थी। बाद में उन्हें पंजाब पुलिस ने उनके लाहौर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया था।

Published : 
  • 10 August 2023, 5:22 PM IST

No related posts found.