देशभर में होली की धूम, रंग में सरोबार हर देशवासी

देशभर में ‘रंगों का त्यौहार’ होली बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। रंगों के त्योहार होली पर हर आम और खास रंगों में सरोबार है, लोगों की खुशी चरम पर है..

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 3 March 2018, 12:19 PM IST

नई दिल्ली: भारत के प्रमुख त्योहारों में से एक होली का पर्व देशभर में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देश भर में सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगा रहे है और रंगों के इस त्योहार की जमकर लुत्फ उठा रहे है। होली का रंग तमाम विवादों और मतभेदों को खत्म कर मोहब्बत और प्यार का नया रंग भर रहा है। देश भर में कई तरह की होलियों का आयोजन किया जा रहा है और हर आम व खास हर्षोल्लास में डूबा हुआ है।

 

होली के त्योहार को एकता,प्यार और सद्भावना का प्रतीक भी माना गया है। होली के त्योहार को बुराई पर अच्छाई की सफलता का प्रतीक माना जाता है। होली महोत्सव फाल्गुन माह की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। 

 

होली एक ऐसा रंग-बिरंगा त्योहार है, जिसे हर धर्म के लोग पूरे उत्साह और मस्ती के साथ मनाते हैं। इस त्योहार में लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर और पानी से भिगोकर खुशियां मनाते हैं।

 

होली वसंत का त्यौहार है और इसके आने पर सर्दियां खत्म होती हैं। कुछ हिस्सों में इस त्यौहार का संबंध वसंत की फसल पकने से भी है। किसान अच्छी फसल पैदा होने की खुशी में होली मनाते हैं। होली को ‘वसंत महोत्सव’ या ‘काम महोत्सव’ भी कहते हैं।

Published : 
  • 3 March 2018, 12:19 PM IST

No related posts found.