हिंदी
नई दिल्ली: गर्मियों का मौसम आते ही ग्रामीण इलाकों में एक पारंपरिक पेय हर घर में नजर आता है – कैरी का पन्ना। कच्चे आम से बनने वाला यह स्वादिष्ट और ठंडा पेय सिर्फ स्वाद में ही बेहतरीन नहीं होता, बल्कि यह शरीर को ठंडक देने, लू से बचाने और पाचन को सुधारने जैसे कई स्वास्थ्य लाभ भी पहुंचाता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जहां तेज गर्मी और लू की मार अधिक होती है। वहां यह पेय शरीर को राहत देने वाला एक घरेलू इलाज साबित होता है।
कैरी पन्ना के स्वास्थ्य लाभ
लू से बचाव: ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान बहुत अधिक हो जाता है। कैरी पन्ना शरीर का तापमान संतुलित रखता है और लू लगने की संभावना को कम करता है।
ऊर्जा का अच्छा स्रोत: यह पेय थकान को दूर करता है और शरीर को इंस्टेंट एनर्जी प्रदान करता है। जिससे गर्मियों में सुस्ती महसूस नहीं होती।
पाचन शक्ति को सुधारता है: इसमें मौजूद मसाले जैसे काला नमक, भुना जीरा और पुदीना पाचन को बेहतर बनाते हैं और गैस, अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाते हैं।
डिहाइड्रेशन से बचाव: कैरी पन्ना शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता और नमक-शक्कर का संतुलन बनाए रखता है। जो गर्मियों में बेहद जरूरी है।
इम्यूनिटी को बढ़ावा: कच्चे आम में विटामिन C भरपूर होता है। जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है।
सामग्री
2-3 मध्यम आकार की कच्ची कैरी (कच्चा आम)
5-6 चम्मच शक्कर (स्वादानुसार)
1/2 चम्मच काला नमक
1/2 चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर
कुछ पत्तियां पुदीना (इच्छानुसार)
ठंडा पानी
बर्फ के टुकड़े
बनाने की विधि
सबसे पहले कैरियों को धोकर कुकर में 2-3 सीटी आने तक उबाल लें।
ठंडा होने के बाद कैरियों का छिलका निकालें और गूदा निकालकर एक बर्तन में रखें।
अब इस गूदे में शक्कर, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और पुदीने की पत्तियां मिलाकर मिक्सी में पीस लें।
तैयार मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकालें और ठंडे पानी में घोल लें।
स्वादानुसार बर्फ मिलाएं और ठंडा-ठंडा परोसें।
Published : 10 April 2025, 6:42 PM IST
Topics : Dynamite News Food News Food Tips Health benefits of raw mango Lifestyle News Raw mango panna summer tips
No related posts found.