
नोएडा: ग्रेटर नोएडा से रविवार को 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि किशोर की तलाश 11 दिन से की जा रही थी और कथित तौर पर उसके दोस्तों ने उसकी हत्या करके शव नहर में फेंक दिया था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय व्यापारी के बेटे वैभव सिंघल की 30 जनवरी को कथित तौर पर दो दोस्तों ने गला घोंटकर हत्या कर दी थी। यह मामला एक आरोपी की महिला मित्र से जुड़े विवाद का है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी माज़ पठान (19) और एक अन्य किशोर ने शव को हिनौती गांव के पास खरेली नहर में फेंक दिया था। दोनों आरोपियों को सात फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘30 जनवरी की घटना के बाद किशोर के शव को खोजने के लिए लगातार प्रयास किए गए। आरोपियों ने उसकी हत्या करने और शव को नहर में फेंकने की बात कबूली है।’’
Published : 12 February 2024, 11:54 AM IST
Topics : businessman canal Greater Noida कारोबारी नहर नोएडा