
गोरखपुर: जनपद के गगहा के बड़गो चौराहे पर अबसे थोड़ी देर पहले ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मचा गया। कुछ कार सवार युवकों ने सरेशाम कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आरोपियों ने एक शख्स को गोली मारी, जो घायल है। घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
हमलावर मौके से फरार हैं।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मताबिक शुक्रवार शाम को 5 बजे के आसपास गगहा थाना क्षेत्र के बड़गो चौराहे पर फार्च्यूनर सवार युवकों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक पाठक उर्फ अप्पू अपनी कार से हाटा बाजार की तरफ से अपने गांव कोडारी गोला स्थित घर जा रहे थे। तभी बड़गो चौराहे पर फार्च्यूनर सवार युवकों ने उनको ताबड़तोड़ गोली मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने 5 से 6 राउंड गोलियां चलायी। गोली की आवाज सुनकर चौराहे पर अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच फार्च्यूनर सवार हाटा बाजार की तरफ फरार हो गए।
कार सवारों की गोली लगने से घायल अभिषेक पाठक को गोरखपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि अभिषेक पाठक 7 वर्ष बाद चार दिन पहले ही गांव आए हैं। अभिषेक के बैंकाक में पैसे के कुछ लेन-देन को लेकर विवाद था। उसकी शादी बैंकाक में ही हुई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गगहा गौरव कुमार वर्मा व क्षेत्राधिकारी वास गांव दरवेश कुमार मौके पर पहुंचे।
खबर लिखे जाने तक थाने में तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
Published : 10 January 2025, 8:22 PM IST