
नई दिल्ली: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों का जत्था आज रविवार को फिर दिल्ली की ओर कूच करेंगा। 101 किसानों का एक 'जत्था' शंभू बॉर्डर से 8 दिसंबर की दोपहर 12 बजे दिल्ली की ओर अपना मार्च शुरू करेगा। इसे देखते हुए पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस ने सुरक्षा के भारी इंतजाम किए हैं। दिल्ली की ओर आने वाली सड़कों पर कई लेयर बैरिकेडिंग की गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार किसानों ने दिल्ली कूच करने वाले 101 मरजीवड़ों की सूची जारी कर दी है। इससे पहले किसानों का यह जत्था 6 दिसंबर को दिल्ली की ओर निकला था, लेकिन शंभू बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया था।
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि केंद्र ने किसानों और मजदूरों से बात नहीं करने का मन बना लिया है। वे हमें रोकने के लिए बल प्रयोग कर रहे हैं। हम शांतिपूर्वक और अनुशासन के साथ दिल्ली की ओर बढ़ेंगे, जैसे हमने कल किया था। किसानों के 300 दिन पूरे हो गए हैं। लेकिन कृषि मंत्री बात करने के लिए राजी नहीं है।
उन्होंने कहा कि 16 किसानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 3 की हालत गंभीर है। कुछ को मामूली चोटें आईं।
केंद्र सरकार का मूड जानने के बाद हमने दोपहर 12 बजे के आसपास 101 किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली की ओर भेजने का फैसला किया है। कृषि मंत्री संसद को भ्रमित कर रहे हैं। हम एमएसपी पर कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं और मंत्री इस पर चुप हैं।
पंढेर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री व नेता अलग-अलग मंचों पर किसानों से बातचीत की बात कह रहे हैं लेकिन किसी ने भी आगे आकर इसका प्रयास नहीं किया। इसी वजह से उन्होंने फिर से पैदल दिल्ली मार्च का फैसला किया है। पंधेर ने कहा कि उनका मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासन में ही रहेगा। किसानों के पास न पहले हथियार थे और न अब हैं।
किसानों के फिर से दिल्ली कूच के एलान के बाद हरियाणा की तरफ से सुरक्षा प्रबंधों को और कड़ा कर दिया गया है। घग्गर दरिया पर पहरेदारी बढ़ा दी गई है।
घग्गर दरिया के पुल पर वाटर कैनन, ड्रोन के जरिये आंसू गैस के गोले छोड़ने के प्रबंधों के अलावा काफी गिनती में पुलिस बल भी तैनात है। खनौरी बॉर्डर से किसानों ने कूच का एलान नहीं किया है, इसके बावजूद यहां भी पुलिस बल तैनात किया गया है।
Published : 8 December 2024, 9:53 AM IST
Topics : farmer protest Farmers March HindiNews ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist New Delhi police Shambhu border TrendingNews