
फतेहगढ़: शंभू और खनौरी बॉर्डर पर दोनों किसान मोर्चें हटाने के विरोध में पंजाब भर में किसान महापंचायतें की जा रही हैं। इसी के तहत फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद अनाज मंडी में महापंचायत हुई। इसमें भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल भी पहुंचे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार महापंचायत से पहले डल्लेवाल गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचे। उसके बाद वह अनाज मंडी सरहिंद में पहुंचे जहां पर उन्होंने अपनी 131 दिनों की भूख हड़ताल खत्म करने का एलान किया। डल्लेवाल ने पिछले साल 26 नवंबर को आंदोलनकारी किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर अनशन शुरू किया था। इसके लिए उन्होंने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी देने की मांग की थी।
ज्ञात हो कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उनसे आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की थी। डल्लेवाल ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में आयोजित किसान महापंचायत में यह घोषणा की।
सरकार ने धोखा किया
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि एक तरफ सरकार हमें मीटिंग के लिए बुला रही है और दूसरी तरफ रात को हमारे मोर्चे पर जबरदस्ती एक्शन कर रही है। सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। सरकार के जुल्म के विरोध में महापंचायत हो रही हैं। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Published : 6 April 2025, 5:21 PM IST
Topics : Announcement Dynamite News End Farmer leader Farmer News hunger strike Jagjit Singh Dallewal Mahapanchayat