Blast in UP Firecracker Factory: यूपी की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, चार लोगों की मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश की एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम को एक भीषण विस्फोट होने की खबर है। इस धमाके में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन लोग घायल बताये जा रहे हैं। पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 1 October 2021, 6:17 PM IST

मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम को एक भीषण विस्फोट होने की खबर है। इस धमाके में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन लोग घायल बताये जा रहे हैं। कई लोग मलबे में दबे हुए बताये जा रहे हैं। मृतकों और घायलों में फैक्ट्री में काम करने वाले लोग हैं। घटना की सूचना के बाद डीएम, एसपी और आलाअधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घायलों को इलाज के लिये भेजा जा रहा है।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कैराना कस्बे में रजवाहे के किनारे पर स्थित पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे भीषण विस्फोट हुआ। इस विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने फैक्ट्री का मलबा बिखरा पड़ा था। फैक्ट्री की दीवारे भी टूटकर मलबे में तब्दील हो गयी। सूत्रों का कहना है कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और बाद में एक अन्य घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा।

अभी तक इस हादसे में मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। लेकिन सभी लोग फैक्ट्री में काम करने वाले बताये जा रहे हैं। फैक्ट्री में काम करने वाले अधिकतर लोग बहराइच के बताये जा रहे हैं। कुछ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर राहत औऱ बचाव कार्य जारी है। पुलिस और स्थानीय लोग मदद में जुटे हुए हैं।

शामली के कैराना में संचालित हो रही यह फैक्ट्री अवैध रूप से चलायी जा रही थी। इस फैक्ट्री में करीब 25 लोग काम करते थे लेकिन शुक्रवार होने की वजह से आज  केवल 11 लोग ही काम पर आए थे। काम पर मौजूद अधिकतर लोग बुरी तरह घायल बताये जा रहे है। यह फैक्ट्री यहां कबसे चल रही थी, इसकी अभी तक जानकारी नहीं पायी है। फैक्ट्री के संचालक के बारे में पुलिस द्वारा पता लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दिवाली के मद्देनजर यहां पटाखे बनाये जाने का काम जोरों पर चल रहा था, लेकिन एकाएक धमाका होने से पूरा फैक्ट्री परिसर और आसपास का क्षेत्र दहल उठा। 

Published : 
  • 1 October 2021, 6:17 PM IST

No related posts found.