हिंदी
श्रीनगर: कश्मीर में शीत लहर तेज हो गई और घाटी के अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और शोपियां शहरों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से 7.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पुलवामा और शोपियां घाटी के सबसे ठंडे स्थान रहे।
यह भी पढ़ें: न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया
उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान से नीचे है।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार अधिकारियों ने जानकारी दी कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंद शहर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: कश्मीर में ठंड का प्रकोप बढ़ा, श्रीनगर का तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा
कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम कार्यालय ने 25 जनवरी से 31 जनवरी तक घाटी में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
कश्मीर में वर्तमान में 40 दिनों की कठोर सर्दियों की अवधि 'चिल्लई-कलां' जारी है। इन दिनों क्षेत्र में शीत लहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है, जिससे जल निकायों के साथ-साथ पाइप में भी पानी जम जाता है।
इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना अधिक होती है और अधिकांश क्षेत्रों, विशेषकर ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी होती है।
कश्मीर लंबे समय से सूखे के दौर से गुजर रहा है और दिसंबर में 79 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। जनवरी के पहले पखवाड़े में घाटी के ज्यादातर हिस्सों में कोई बारिश नहीं हुई है।
कश्मीर के अधिकतर मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों में सामान्य से कम बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने पूर्व में 21 जनवरी तक शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया था।
'चिल्लई-कलां' 31 जनवरी को खत्म हो जाएगा। उसके बाद 20 दिन की 'चिल्लई-खुर्द' (छोटी ठंड) और 10 दिन की 'चिल्लई-बच्चा' की अवधि चलेगी और ठंड की स्थिति जारी रहेगी।
Published : 22 January 2024, 2:14 PM IST
Topics : Cold wave Freezing Point Kashmir Valley temperature कश्मीर तापमान फ्रीजिंग प्वाइंट शीत लहर श्रीनगर
No related posts found.