दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम से नीरज बवाना गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम से नीरज बवाना गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 24 November 2023, 5:17 PM IST

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम से नीरज बवाना गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रवीण (45) के रूप में की गई है जो जबरन वसूली, हत्या की कोशिश, लूटपाट समेत 18 आपराधिक मामलों में शामिल था और जमानत के दौरान फरार हो गया था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) आलोक कुमार ने कहा, ‘‘आरोपी नीरज बवाना गिरोह का सक्रिय सदस्य है और तिहाड़ जेल में बंद बवाना के निर्देश पर प्रतिद्वंद्वी अशोक प्रधान गिरोह से बदला लेने की फिराक में था। आरोपी गिरोह के अन्य सदस्यों के लिए भी हथियार आदि का बंदोबस्त कर रहा था।’’

उन्होंने बताया कि प्रवीण की गतिविधियों का पता चलने के बाद उसका ठिकाना गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के नजदीक होने की जानकारी मिली।

अधिकारी ने कहा, ‘‘विशेष प्रकोष्ठ के एक दल ने उसे 21 नवंबर को गिरफ्तार किया था। उसने अपने साथियों के साथ 2020 में दिल्ली में एक घर में लूटपाट की थी और उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में निचली अदालत ने उसे अंतरिम जमानत दे दी, लेकिन उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और जमानत के दौरान फरार हो गया।’’

Published : 
  • 24 November 2023, 5:17 PM IST

No related posts found.