BBC पर आयकर विभाग के सर्वे को लेकर BJP और Congress आमने-सामने, जानिये कौन क्या बोला

तरराष्ट्रीय करों में कथित तौर पर हेराफेरी की जांच को लेकर बीबीसी के मुंबई और दिल्ली कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वे का मामला सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 14 February 2023, 2:50 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय करों में कथित तौर पर हेराफेरी की जांच को लेकर बीबीसी के मुंबई और दिल्ली कार्यालयों में मंगलवार सुबह आयकर विभाग की टीम पहुंची है। पिछले लगभग तीन घंटे से आयकर विभाग (आईटी) की टीम द्वारा बीबीसी ऑफिसों में सर्वे किया जा रहा है। बीबीसी पर आईटी सर्वे को लेकर सियासी तूफान भी उठने लगा है। इस मामले पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गये है और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। 

भाजपा बोली- BBC का प्रोपगेंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक

बीबीसी पर आईटी विभाग के सर्वे को भाजपा नेता और प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि BBC सबसे भ्रष्ट और बकवास संस्था है। उन्होंने कहा कि बीबीसी पर आयकर विभाग नियमानुसार और संविधान के मुताबिक कार्रवाई कर रहा है। गौरव भाटिया ने कहा, BBC का प्रोपगेंडा और कांग्रेस का एजेंडा एक साथ काम कर रहा है। BBC का इतिहास भारत को कलंकित करने वाला रहा है।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि आज कोई भी कंपनी हो, मीडिया संस्थान हो या कुछ भी...अगर भारत में काम कर रही है, तो उसे भारत के कानून के मुताबिक काम करना होगा। अगर कंपनी सही से काम कर रही है, तो डर कैसा..आयकर विभाग को अपना काम करने देना चाहिए। दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए। 

कांग्रेस बोली- ये अघोषित आपातकाल

बीबीसी कार्यालयों पर सर्वे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा को घेरा है। कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। ये अघोषित आपातकाल है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यहां हम अडानी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। 'विनाशकाले विपरीत बुद्धि'।

जानकारी के मुताबिक BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप है। इसके लिये  IT  विभाग की 60 से 70 लोगों की टीम सर्वे में शामिल है। आईटी ने सर्वे के दौरान बीबीसी स्टाफ के फोन बंद करा दिए हैं। साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक दिया गया है। आईटी ने बीबीसी के ऑफिस पर सुबह 11.20 बजे से सर्वे शुरू किया, जो खबर लिखे जाने के वक्त तक जारी था।