

गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़िए पूरी खबर
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय विवाहिता की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ये मामला जनपद के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के रामनगर सूरस का है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मृतका कुछ दिन पहले ही अपने मायके रामनगर सूरस आई थी। उसकी शादी वर्ष 2021 में मेहदावल थाना, संतकबीरनगर जिले के एक गांव में हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारीगण मौके पर पहुंच गए हैं। हरपुर बुदहट पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस हत्यारे की तलाश में जुट गई है और हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है। मायके वालों ने पति पर हत्या की आशंका जताई है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस जल्द से जल्द हत्यारे का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बता दें कि मृतका नीरज राय उर्फ लाला पुत्री स्व. ब्रम्हदेव राय उम्र 24 वर्ष निवासी रामनगर सूरस थाना हरपुर बुदहट की निवासी थीं, जिसकी शादी वर्ष 2021 में संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के समोगर गांव निवासी पप्पू पांडेय पुत्र दुर्गा पांडेय के साथ हुई थी। पति लुधियाना में कपड़े का काम करता है। अभी उनकी कोई संतान नहीं थी।
सरसों के खेत में मिला शव
मृतका नीरज राय बीते 26 जनवरी से अपने मायके रामनगर सूरस आयी हुई थी। रविवार को उसका पति पप्पू भी आया था। मृतका की छोटी बहन जूही के अनुसार सोमवार सुबह 5 बजे उसकी बहन नीरज और जीजा पप्पू घर से निकले लेकिन थोड़ी देर बाद सिर्फ जीजा घर आये, तो बहन ने पूछा कि दीदी कहां है तो जीजा ने कहा कि अभी आ जायेगी। फिर थोड़ी देर बाद गाड़ी में पेट्रोल डलवाने को कहकर जीजा चले गए उसके बाद जूही और उसकी माँ ने गांव वालों के साथ नीरज को खोजना शुरू किया तो ग्रामीणों को शव सरसों के खेत में दिखाई दिया। उसके बाद मृतका की बहन और माँ दहाड़े मारकर रोने लगी।
ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष महेश चौबे के नेतृत्व में हरपुर बुदहट पुलिस, एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव, सीओ गीडा रत्नेस्वर सिंह, और फोरेंसिक टीम मौके पर पहु़ंची और सरसों के खेत और मृतका के घर की गहन तलाशी ली गयी। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गले पर नुकीले हथियार से किया वार
मृतका नीरज के गले पर नुकीले हथियार से वार किया गया है। मृतका नीरज की दो बहने हैं, जिसमें बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, दूसरे नम्बर पर मृतका थी, तीसरी हाईस्कूल की छात्रा है, मृतका के तीन भाई भी हैं, बड़ा भाई दुबई रहता है, वह शादी शुदा है, उसकी पत्नी मायके में है। दूसरा भाई दिल्ली में कमाता है, वही तीसरा भाई मूक बधिर है।
जीजा पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका नीरज राय की बहन जूही राय ने पुलिस को अपने जीजा पप्पू पांडेय के नाम से नामजद तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है, वहीं उसके जीजा का नम्बर बन्द आ रहा है, पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।