
महराजगंज: कमिश्नर गोरखपुर अनिल ढींगरा और डीआईजी रेंज ए.एस. कुलकर्णी द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 से ठीक पहले अचानक महराजगंज पहुंचे है।
इस दौरान लोकसभा चुनाव सकुशल और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट परिसर में स्ट्रांग रूम, इवीएम वेयर हाउस, पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल और मतगणना स्थलों का निरीक्षण किया गया। साथ ही दोनो अधिकारियों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रथम महराजगंज को भी देखा।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में कमिश्नर और डीआईजी ने सबसे पहले सी–विजिल का निरीक्षण किया और एफएसटी टीमों के लोकेशन को पोर्टल पर देखा।
उन्होंने प्रभारी सी–विजिल से अब तक प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की भी जानकारी ली। नोडल अधिकारी सी–विजिल ने बताया कि अबतक 85 शिकायते प्राप्त हुई हैं और सभी का निस्तारण एफएसटी के माध्यम से कराया जा चुका है। इसके उपरांत दोनो अधिकारियों ने विधानसभावार स्ट्रांग रूम को देखा।
कमिश्नर ने पोलिंग पार्टी रवानगी और मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कमिश्नर ने जिलाधिकारी को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल के लिए चिन्हित स्थल और अन्य इंतजाम पर संतोष व्यक्त किया।
दोनो अधिकारियों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय सदर महराजगंज का निरीक्षण किया। बीएलओ द्वारा बताया गया कि केंद्र पर स्थापित चार बूथों पर क्रमशः 1191, 1262, 1128 और 973 मतदाता पंजीकृत हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी से क्रिटिकल, वल्नरेबल और शैडो बूथ की जानकारी ली। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि क्रिटिकल बूथ 321, वल्नरेबल बूथ 13 और शैडो बूथ 43 हैं। सभी बूथों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वीडियोग्राफी से लेकर वैकल्पिक कम्युनिकेशन और रूट प्लान तैयार किया गया है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Published : 13 May 2024, 6:15 PM IST
Topics : Commissioner DIG Lok Sabha elections Matter कमिश्नर गोरखपुर कलेक्ट्रेट डीआईजी रेंज महराजगंज लोकसभा चुनाव स्ट्रांग रूम