चित्तौड़गढ़ के भाजपा सांसद सी. पी. जोशी बने राजस्थान के नये प्रदेश अध्यक्ष

राजस्थान में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चित्तौड़गढ़ के सांसद सी.पी. जोशी को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

Updated : 23 March 2023, 8:08 PM IST
google-preferred

जयपुर: राजस्थान में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चित्तौड़गढ़ के सांसद सी.पी. जोशी को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

जोशी तत्काल प्रभाव से सतीश पूनिया की जगह लेंगे, जो सितंबर 2019 से राज्य इकाई का नेतृत्व कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने नियुक्ति आदेश जारी करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने लोकसभा सांसद सी.पी. जोशी को राजस्थान भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

ब्राह्मण समुदाय से संबंध रखने वाले जोशी (47) चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद हैं। उन्होंने जाट नेता और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ समर्थित सतीश पूनिया का स्थान लिया है, जिनका अप्रत्यक्ष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ टकराव देखा गया है।

पूनिया ने नये प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी को हार्दिक बधाई दी और कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हम सब कृतसंकल्पित हैं कि मिलकर 2023 में राजस्थान को कांग्रेस मुक्त बनाकर भाजपा की बहुमत की सरकार बनायेंगे ।

उन्होंने कहा ‘‘मैं पार्टी का आभारी हूं कि मेरे जैसे साधारण किसान के घर में जन्मे कार्यकर्ता को तीन वर्षों तक ज़िम्मेदारी देकर सम्मान दिया। इन तीन वर्षों में संगठनात्मक रचना और आंदोलन के द्वारा पार्टी को पूरी ताकत से धरातल पर सक्रिय करने में योगदान दे पाया।’’

उन्होंने कहा एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के निर्देशानुसार आजीवन काम करता रहूंगा।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जोशी को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बनाये जाने का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा ‘‘सीपी जोशी जी को भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई।’’

राजे ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आपको आगामी कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामनायें।’’

विधानसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ने भी जोशी को शुभकामना देते हुये ट्वीट किया, ‘‘आपके कुशल नेतृत्व में प्रदेश भाजपा संगठन अधिक सुदृढ़ हो और नये कीर्तिमान स्थापित करें, ऐसी मेरी मंगल कामना है।’’

Published : 
  • 23 March 2023, 8:08 PM IST

Related News

No related posts found.