हिंदी
कोलकाता: चंद्रयान-3 के बुधवार शाम को चंद्रमा की सतह पर उतरने की संभावना के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से इस अंतरिक्ष यान की सफल ‘‘सॉफ्ट लैंडिंग’’ के लिए उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया है।
चंद्रयान-3 मिशन को पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताते हुए ममता ने मंगलवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘चंद्रयान-3 मिशन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। इसरो का दल भारत का है। उनकी कड़ी मेहनत देश की प्रगति का प्रमाण है जो लोगों, वैज्ञानिकों तथा अर्थशास्त्रियों ने हासिल की है न कि किसी राजनीतिक संस्था ने।’’
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ममता ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल समेत देशभर के वैज्ञानिकों ने इस मिशन में बड़ा योगदान दिया है। मैं उन सभी के प्रयासों की सराहना करती हूं जिन्होंने भारत के चंद्र अन्वेषण को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कड़ी मेहनत की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने के करीब होने के साथ ही हमें एक साथ खड़े होना चाहिए और इसकी सफल ‘‘सॉफ्ट लैंडिंग’’ के लिए उत्साह बढ़ाना चाहिए।’’
Published : 23 August 2023, 3:14 PM IST
Topics : Chandrayan 3 Mamta Banerjee West Bengal कोलकाता चंद्रमा चंद्रयान 3 पश्चिम बंगाल ममता बनर्जी मुख्यमंत्री सॉफ्ट लैंडिंग