Site icon Hindi Dynamite News

बिहार: झोलाछाप बना MBBS डॉक्टर, दहेज की रकम न मिलने पर रची खुद के अपहरण की साजिश

बिहार के नवगछिया में एक झोलाछाप डॉक्टर ने MBBS डॉक्टर बन कर दहेज के लिए 10 लाख की मांग की। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
बिहार: झोलाछाप बना MBBS डॉक्टर, दहेज की रकम न मिलने पर रची खुद के अपहरण की साजिश

नवगछिया: बिहार के नवगछिया से सोमवार को चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दामाद ने मुंह मांगा दहेज न मिलने से अपने परिवार के साथ खुद के अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। इसके बाद अपने पत्नी समेत ससुराल वालों पर झूठा मामला दर्ज करवा दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें: पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार मामला रंगरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर वैसी का है। 

एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि 12 अप्रैल को नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला के रहने वाले विजय कुमार ने तहरीर दी थी कि  कि उसके भाई का अपहरण ससुराल पक्ष ने कर लिया है। उनके भाई दिनेश कुमार गुप्ता की हत्या कर ससुराल वालों ने शव को गंगा नदी में फेंक दिया है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता  से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर डीआईयू नवगछिया की टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा 24 घंटे के अंदर तकनीकी अनुसंधान करते हुए अपहृत दिनेश कुमार गुप्ता को पटना के एग्जीबिशन रोड के पास से बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में घटना के कारण का पता चला की दिनेश कुमार गुप्ता की शादी वर्ष 2023 में जहांगीरपुर वैसी के रहने वाले शैलेश कुमार गुप्ता की बेटी नेहा कुमारी से हुई थी। शादी के वक्त लड़का के परिजनों ने लड़का को एमबीबीएस डॉक्टर बताया था, जब कि वह झोलाछाप डॉक्टर था।

शादी में लड़का को दहेज स्वरूप आठ लाख रुपया और अन्य साजो सामान दिया गया था। शादी के बाद लड़का और उसके परिजनों ने लड़की पक्ष से 10 लाख रुपया की फिर से मांग की। मगर, दहेज न मिलता देख लड़का और परिजनों ने साजिश रचकर पहले दिनेश कुमार गुप्ता को ससुराल भेज दिया। फिर दिनेश ससुराल से पटना के लिए निकल गया। इसके बाद परिजनों के द्वारा थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई।

Exit mobile version