Bihar Politics: नीतीश का सीएम पद से इस्तीफा देने और भाजपा संग सरकार बनाने पर देखिये क्या बोले दिग्गज नेता

डीएन ब्यूरो

नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और वे फिर आज ही भाजपा के समर्थन से बिहार के 9वें सीएम बन गये हैं। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिये नीतीश के पाला बदलने पर क्या बोले देश के दिग्गज नेता।

केसी त्यागी का कांग्रेस पर हमला

जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कहा कि इसके लिये कांग्रेस जिम्मेदार है। इंडिया गठबंधन के जरिये कांग्रेस खुद को मजबूत कर रही थी। उसने क्षेत्रीय दलों को कोई तवज्जो नहीं दी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने की तीखी टिप्पणी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार की राजनीतिक उथल पुथल पर कहा कि उन्हें इस बात का पहले अंदेशा था। उन्होंने नीतीश कुमार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कहा कि देश में ऐसे कई लोग हैं जो ‘आया राम गया राम हैं।’

जयराम रमेश ने कसा तंज

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार ने रंग बदलने में गिरगिटों को भी पीछे छोड़ दिया है। नीतीश कुमार का यह नाटक भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है।

रोहिणी आचार्या ने साधा निशाना

सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट के माध्यम चर्चाओं में रहने वाली लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश के राजग में जाने और भारतीय जनता पार्टी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया की। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘कूड़ा फिर से कूड़ेदान में चला गया। कूड़ा मंडली को बदबूदार कूड़ा मुबारक।

बिहार के मुख्यमंत्री ने किया बड़ा दावा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, अपनी पार्टी के लोगों से मिल रही राय के अनुसार मैंने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा, हमने पूर्व के गठबंधन (राजग) को छोड़कर नया गठबंधन बनाया था लेकिन इसमें स्थितियां ठीक नहीं लगी।

विनोद तावड़े का बडा़ बयान

भाजपा की राज्य इकाई के प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी मुख्यालय में कहा, कि हम यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के लिए एकत्र हुए थे। कार्यक्रम के बाद, जद(यू) को समर्थन देने और राजग सरकार बनाने का प्रस्ताव पेश किया गया, जिसे सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। तावड़े ने बताया कि भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया।








संबंधित समाचार