
गोरखपुर : गोरखपुर में पुलिस ने अपराध की दुनिया के कुख्यात नाम 'पहलवान' उर्फ राम सिंह यादव पर करारा प्रहार किया है। गोरखपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत राम सिंह की 18 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की। यह कार्रवाई पिपराइच थाना क्षेत्र में की गई और इसमें पुलिस अधीक्षक उत्तरी के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम शामिल थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार यह कार्रवाई की गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गुलरिहा थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में स्थित राम सिंह के आलीशान मकान और उसमें बने कई बंद कमरों को भी सील कर दिया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई। जब्ती की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार प्रदुम्मन सिंह, एसएचओ पुरुषोत्तम आनंद सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजीत चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक आशुतोष वर्मा व अन्य स्टाफ पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
राम सिंह यादव उर्फ छोटू उर्फ पहलवान का नाम आपराधिक इतिहास में नया नहीं है। उसके खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, अवैध शस्त्र रखने व गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 12 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। कुछ प्रमुख मामले इस प्रकार हैं:
एफआईआर संख्या 599/22: डकैती और आपराधिक साजिश (चिलुआताल)
एफआईआर संख्या 118/22: हत्या का प्रयास और मारपीट (गोरखनाथ)
एफआईआर संख्या 550/23: गैंगस्टर एक्ट (पिपराइच)
एफआईआर संख्या 309/20: आर्म्स एक्ट (गुलरिहा)
पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने साफ कहा कि अपराध और अपराधियों पर नकेल कसना गोरखपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य अपराधियों में भी दहशत है। गोरखपुर पुलिस के इस सख्त रुख को माफियाओं के लिए साफ संदेश माना जा रहा है- अब कानून के शिकंजे से बचना नामुमकिन है। लगातार बढ़ रही पुलिस की निगरानी और इस तरह के सख्त कदम अपराध के नेटवर्क को कमजोर करने में अहम साबित हो रहे हैं।
Published : 13 April 2025, 11:46 AM IST