
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के रवि स्टील चौक पर जूता विक्रेता भूपल साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गौरव चौधरी उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। उसे पंडरा थाना क्षेत्र के सरोवर नगर डैम साइड से धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के दौरान, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल आरोपी ने भूपल साहू की हत्या के लिए किया था।
एसएसपी चंदन सिन्हा ने दी जानकारी
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार,इस मामले का खुलासा करते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन सिन्हा ने जानकारी दी कि हत्या का कारण आपसी रंजिश थी। भूपल साहू के बेटे और पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से आरोपी की पहचान की। अनुसंधान के दौरान यह जानकारी मिली कि गौरव चौधरी झारखंड छोड़कर चेन्नई भागने की योजना बना रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उस पर छापा मारा और उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने हत्याकांड को क्यों अंजाम दिया
गौरव चौधरी ने पूछताछ में बताया कि करीब 10-15 दिन पहले उसने बिट्टू मिश्रा नामक व्यक्ति के घर चोरी की थी। चोरी के कुछ समय बाद, बिट्टू मिश्रा ने उसे पकड़ लिया और डराने-धमकाने लगा। गौरव को संदेह था कि भूपल साहू ने इस घटना की जानकारी बिट्टू को दी थी, जिसके कारण उसे यह ख्याल आया कि उसे बदला लेना चाहिए।
गौरव ने यह कबूल किया कि उसने भूपल की हत्या करने का इरादा नहीं बनाया था, बल्कि वह भूपल को केवल जख्मी करके पैसे लूटने का सोच रहा था। 27 मार्च की शाम को गौरव भूपल साहू की दुकान पर पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। जब भूपल ने लूट का विरोध किया, तब गौरव ने चापड़ से हमला कर दिया और वहां से भाग निकला।
Published : 4 April 2025, 2:57 PM IST
Topics : CrimeInJharkhand CrimeInRanchi DynamiteNews HindiNews JharkhandNews Jharkhandpolice LatestNews ranchinews RanchiPolice