Site icon Hindi Dynamite News

Crime in Bihar: बिहार में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े मुखिया की गोली मारकर की हत्या, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

बिहार में बदमाश फिर एक बार बेखौफ होने लगे हैं। बेगूसराय में दिनदहाड़े गोली मारकर एक पंचायत मुखिया की हत्या कर दी गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Crime in Bihar: बिहार में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े मुखिया की गोली मारकर की हत्या, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

बेगूसराय: बिहार में बदमाश फिर एक बार बेखौफ होने लगे हैं। बेगूसराय में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर एक पंचायत मुखिया की हत्या कर दी गई। बदमाशों ने मुखिया के सीने को गोलियों से छलनी किया और मौके से फरार हो गये। मुखिया को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। हत्या की इस वारदात से क्षेत्र में भारी दहशत का माहौल है। दिन दहाड़े हत्या की वारदात से गुस्साये लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची है। घटना की जांच और हत्यारोपियों की तलाश जारी है। 

जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने बेगूसराय जिले के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र में स्थित परना पंचायत के मुखिया मुखिया वीरेंद्र कुमार शर्मा को उस समय गोलियां मारी, जब वे बाइक से किसी काम से बेगूसराय जा रहे थे। बदमाशों ने तरेया ढाला के पास एक ईंट भट्टा के पास कुछ बदमाशों ने मुखिया की बाइक को घेर लिया और इसके बाद उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। वीरेंद्र कुमार की हत्या के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गये। वे दूसरी बार मुखिया बने थे।

गोलियों की आवाज सुन स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जहां मुखिया जमीन पर गिरे पड़े मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल मुखिया को अस्पताल भेजा लेकिन रास्ते में ही मुखिया की मौत हो गई।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर गए हैं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच जाम कर दिया। सूचना पर कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए। 

घटना से आक्रोशित मुखिया संघ के अध्यक्ष सड़क पर बैठ गए। उन्होंने मृतक परिवार को 50 लाख मुआवजा और विधवा को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने तमाम मुखिया की सुरक्षा की गारंटी की मांग उठाई है।   

एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर पुलिस टीम के साथ एफएसल टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम वारदात जांच में जुट गई है। संदिग्ध आरोपी के यहां पुलिस छापामारी कार्रवाई कर रही है। जल्द ही हत्याकांड में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version