
महराजगंज: भारत से नेपाल में प्रवेश कर रहे तीन संदिग्ध युवकों को सुरक्षा एजेंसियों ने नेपाल सीमा से हिरासत में ले लिया। पूछ-ताछ में पता चला कि एक युवक पाकिस्तानी, दूसरा पाक अधिकृत कश्मीर और तीसरा जम्मू कश्मीर का है।
सूचना पर पहुंची लखनऊ एटीएस (आतंकवाद निरोधी दस्ता) तीनों को लेकर रवाना हो गई। संदिग्धों के पकड़े जाने और एटीएस के सुपुर्द करने को लेकर कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
भारत से नेपाल जाते समय तीनों को हिरासत में लिया गया
सुरक्षा एजेंसिया सोनौली सीमा पर यात्रियों की जांच कर रही थी। तीन युवक बस में बैठ कर नेपाल जाने की तैयारी में थे। उनकी गतिविधियों को संदिग्ध देख सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें बस से उतार लिया।
डाइनामाइट न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार पूछ-ताछ के दौरान युवकों ने अपना नाम सैयद गजनियर निवासी लरकाना, पाकिस्तान, मो. अल्ताफ निवासी पाक अधिकृत कश्मीर व नासिर जमाल निवासी क्रालपोरा, श्रीनगर, जम्मू कश्मीर बताया।
पूछ-ताछ के दौरान भारत आने, रहने से लेकर नेपाल जाने के कारणों और उद्देश्य के बारे में स्पष्ट जानकारी और दस्तावेज न मिल पाने के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने उच्चाधिकारियों को सूचित किया।
बुधवार को पहुंची लखनऊ एटीएस ने तीनों को कब्जे में ले लिया। सूत्रों के मुताबिक तीनों युवक लंबे समय से भारत में रह रहे थे और यहां से नेपाल जाने की फिराक में थे।
Published : 4 April 2024, 10:00 AM IST
Topics : ATS India Nepal border Lok Sabha elections Maharajganj Pakistani youth आधीरात एटीएस बार्डर युवक लोकसभा चुनाव