हिंदी
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के धौरहर गांव में गुरुवार सुबह एक बंद स्कूल परिसर में जलती हुई लाश मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, शव का आधा हिस्सा जल चुका था।
लाश मिलने से गांव में मचा हड़कंप
घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बंद पड़े स्कूल में जलती हुई लाश देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल से पुलिस ने शव के पास से एक चाभी का गुच्छा और चप्पल बरामद की है। हालांकि, शव की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
परिवार का दावा
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस मामले में पत्नी और बेटी ने दावा किया है कि यह लाश स्कूल के संस्थापक प्रबंधक जामवंत शर्मा की है। उनके अनुसार, घटनास्थल से बरामद चाभी और चप्पल उन्हीं की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी शव की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि करना जल्दबाजी होगी।
जामवंत शर्मा पर हत्या का आरोप
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि जामवंत शर्मा पर 10 साल पहले एक डॉक्टर की हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस अब घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस के सामने चुनौती
फिलहाल पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर संभावित सबूत जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने में अभी समय लग सकता है। स्थानीय लोगों और परिवार के दावों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच तेजी से जारी है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 9 January 2025, 2:47 PM IST
Topics : basti news Basti Police burnt body Burnt Body found in Basti ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashEkMulaqat ManojTibrewalAakashIASTopper ManojTibrewalAakashInterview ManojTibrewalAakashJournalist UP News