हिंदी
बलिया: विकास खण्ड बेलहरी अन्तर्गत ग्राम सभा सुल्तानपुर स्थित जल निगम की टंकी विगत 06 महीनों से बन्द पड़ी है जिसके चलते क्षेत्र के करीब आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी की सप्लाई बन्द है। जिससे क्षेत्र में भीषण पानी का संकट पैदा हो गया है। ग्रामीण इस भीषण गर्मी में पानी के लिए भटक रहे हैं।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जल निगम सुल्तानपुर की पानी टंकी से ग्राम सभा सुलतानपर, भरसौंता, परसिया, नन्द्पुर, भरखोखा, बादिलपुर आदि गांवों में पानी की सप्लाई दी जाती हैं। लेकिन विगत 06 माह से इस टंकी से पानी की सप्लाई बाधित है। जिसके चलते क्षेत्रीय जनता दूषित पानी पीने के लिये मजबूर है।

मिली जानकारी के अनुसार शासन द्वारा मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं में शामिल कर ग्राम प्रधानों को पानी सप्लाई कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन कोई भी ग्राम प्रधान इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए तत्काल जल निगम की मोटर को ठीक कर पानी की सप्लाई को सुचारु करने के लिए सम्बंधित विभाग को आदेश देने का अनुरोध किया है।
इस बाबत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुल्तानपुर डॉ. सम्पूर्णानन्द ने बताया कि मोटर जल जाने के चलते पानी की सप्लाई बाधित है। जिसे बनवाने के लिए पैसा नहीं है।
Published : 2 June 2024, 8:07 PM IST
Topics : Ballia burnt Villages Water tank motor उत्तर प्रदेश ग्रामीण पानी की टंकी बलिया मोटर खराब संकट