Site icon Hindi Dynamite News

सिक्किम के नाथुला में हिमस्खलन, 6 पर्यटकों की मौत, 11 घायल

सिक्किम के नाथुला इलाके में मंगलवार को हुए एक भीषण हिमस्खलन में छह पर्यटकों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गये। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
सिक्किम के नाथुला में हिमस्खलन, 6 पर्यटकों की मौत, 11 घायल

गंगटोक: सिक्किम के नाथुला इलाके में मंगलवार को हुए एक भीषण हिमस्खलन में छह पर्यटकों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गये। पुलिस के अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी।

घायलों को राज्य की राजधानी गंगटोक स्थित अस्पताल लाया जा रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया, ‘‘बचाव अभियान और सड़क से बर्फ हटाने का कार्य जारी है।’’

नाथुला दर्रा चीन से लगी सीमा पर स्थित है और यह अपनी मनोरम सुंदरता के कारण पर्यटकों का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र है। यह देश में हिमालय के सर्वाधिक महत्वपूर्ण दर्रो में एक है। यह गंगटोक से 55 किमी से अधिक की दूरी पर है।

रक्षा सूत्रों के मुताबिक, हिमस्खलन जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर दूरी की जानकारी देने वाले 14वें शिला स्तंभ के समीप आज तड़के हुआ, जिसमें 25-30 पर्यटक फंस गये थे।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा शीघ्र ही बचाव अभियान शुरू किया गया और अब तक 22 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिनमें से छह को एक गहरी घाटी से निकाला गया।’’

उन्होंने बताया कि करीब 350 लोग और 80 वाहन मार्ग पर फंसे गये थे, क्योंकि नाथुला से आने वाले मार्ग को बर्फ ने अवरूद्ध कर दिया था। इन लोगों और वाहनों को भी वापस ले आया गया है।

नाथुला समुद्र स्तर से 14,450 फुट की ऊंचाई पर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित है। यह भारत और चीन के बीच खुली तीन व्यापार सीमा चौकियों में एक है।

Exit mobile version