
मैनपुरी: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का प्रचार अभियात जोर पकड़ने लगा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को करहल पहुंचकर सपा के बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपनी पत्नी डिंपल यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार का जोरदार आगाज किया। अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी उपचुनाव नेताजी को श्रद्धांजलि देने का चुनाव है।
करहल में समाजवादी पार्टी के बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी से समाजवादी पार्टी और नेताजी का दशकों का रिश्ता है। यहां के लोगों ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को "नेताजी" बनाने का काम किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी जनता के नेता रहे और हमेशा ज़मीन से जुड़े रहे। अब हमारी और आपकी ज़िम्मेदारी बनती है कि जो संघर्ष नेताजी ने जनता के लिए ज़मीन पर रहकर किया है, उस संघर्ष को और मजबूत बनाकर हमें वोट के माध्यम से मैनपुरी में सपा को ऐतिहासिक जीत दिलानी है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के नेता व कार्यकर्ता बूथ पर तैयारी करके एक-एक वोट समाजवादी पार्टी के पक्ष में डलवाएं और मैनपुरी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को भारी मतों से विजयी बनाएं।
इससे पहले अखिलेश यादव ने करहल के दिहुली में चौधरी नत्थू सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से मैनपुरी उपचुनाव को लेकर चर्चा की।
Published : 18 November 2022, 4:49 PM IST
Topics : अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश उपचुनाव चुनाव प्रचार डिंपल यादव बूथ सम्मेलन मैनपुरी लोकसभा सपा राष्ट्रीयअध्यक्ष