हिंदी
महराजगंज : बरगदवा थाना क्षेत्र के सिंहभार गांव में एक महिला द्वारा दूसरी शादी कर अपने मृत पति की संपत्ति पर दावा करने का मामला गरमा गया है। मामला अब जिले के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया है, जहां पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सिंहभार निवासी संजय यादव ने जिलाधिकारी अनुनय झा को शिकायती पत्र देकर अपनी भाभी शिल्पा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई अनिल यादव की वर्ष 2019 में मौत हो गई थी। अनिल के तीन बच्चे हैं- ऋतिक, रितेश और अमित।
संजय का आरोप है कि अनिल की पत्नी शिल्पा करीब तीन साल पहले अपने सबसे छोटे बेटे अमित को लेकर उसी गांव के राजवीर पुत्र रामआसरे के साथ भाग गई थी। बाद में शिल्पा और राजवीर ने शादी कर ली और अब हरदोई जिले में रह रहे हैं। इस नई शादी से उनकी एक बेटी भी है।
संजय यादव का कहना है कि शिल्पा के जाने के बाद से वह अपने भाई के दो बच्चों ऋतिक और रितेश का पालन पोषण खुद ही कर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्होंने अपने कंधों पर ले रखी है। लेकिन अब जब संपत्ति के अभिलेखों में शिल्पा का नाम संरक्षक के रूप में दर्ज हो गया तो वह अचानक अपने दूसरे पति के साथ सिंहभार लौट आईं और बाल कल्याण समिति की मदद से 4 अप्रैल को दोनों बच्चों को स्वीकार कर लिया।
इसके बाद शिल्पा ने अपने मृतक पति अनिल यादव की संपत्ति में हिस्सा मांगा है। संजय यादव का आरोप है कि यह सब एक साजिश के तहत किया गया है ताकि शिल्पा अपने दूसरे पति के साथ मिलकर उनके भाई के हिस्से की जमीन हड़प सके।
संजय ने जिलाधिकारी से मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस विवाद को किस तरह सुलझाता है और बच्चों के भविष्य और संपत्ति विवाद में क्या निर्णय लेता है।
Published : 5 April 2025, 5:53 PM IST
Topics : Bargadwa demand DM Maharajganj Husband Death Maharajganj News maharajganj police Share in Land