हिंदी
जम्मू: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का अंतिम चरण जम्मू कश्मीर में जारी है। आज यानी मंगलवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का 130वां दिन है और कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा यहां 31 जनवरी को संपन्न हो जायेगी। मंगलवार को यात्रा की शुरुआत नगरोटा के शीतली से हुई। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी नजर आईं। उन्होंने राहुल गांधी के साथ पैदल मार्च भी किया।

मंगलवार को राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल से पहले उर्मिला मातोंडकर ने सुबह जम्मू से एक वीडियो शेयर किया। ट्विटर पर साझा किये वीडियो में उन्होंने कहा कि उनके लिए यह यात्रा राजनीति से अधिक सामाजिक महत्व रखती है। सामाजिक मूल्यों पर चलने वाले इस कारवां में वह शामिल हो रही हैं। इस यात्रा में बहुत सारा प्यार, स्नेह, विश्वास और भारतीयता है और यह भारतीयता का दीया सबके मन में इसी तरह जलता रहना चाहिए।

नगरोटा के शीतली से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा यहां से करीब पांच किलोमीटर तक पदयात्रा करते हुए कारवां आगे बढ़ा। इसके बाद यात्रा गाड़ियों में सवार होकर झज्जर कोटली के लिए रवाना हो गई। यहां आज दोपहर का खाना प्रस्तावित है। इसके बाद रैंबल उधमपुर से पैदल यात्रा फिर शुरू होगी।

राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ों यात्रा में जम्मू कश्मीर में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। कड़ाके की ठंड के बीच राहुल गांधी को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यात्रा जिस क्षेत्र से गुजरती है वहां के लोग पारंपरिक वेशभूषा में राहुल गांधी और यात्रा का स्वागत कर रहे हैं।

राहुल गांधी और उनकी इस यात्रा का हर जगह गर्मजोशी से स्वागत हो रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
Published : 24 January 2023, 12:19 PM IST
Topics : Bharat Jodo Yatra Congress Jammu Kashmir Rahul Gandhi urmila matondkar उर्मिला मातोंडकर भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी